कैथल। ढांड क्षेत्र के गांव सोलू माजरा के पास वीरवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से करीब 37 वर्षीय गांव बंदराना निवासी पवन कुमार की मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर के ऊपर से पहिया गुजर गया। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने रेलवे लाइन के पास शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना जीआरपी को दी।
सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। जीआरपी जांच अधिकारी सीमा रानी ने बताया कि सूचना मिली थी कि सोलू माजरा के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। जानकारी के अनुसार रायपुर हरियाणा की ओर जा रही ट्रेन के साथ युवक हादसे का शिकार हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान युवक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद आसपास के थानों और चौकियों से संपर्क कर उसकी पहचान करवाई गई। उन्होंने बताया कि पवन कुमार रात को घर से बिना बताए निकला था। जीआरपी ने मामले में इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है।