जो युवा सक्षम योजना के लिए योग्य नहीं उनके लिए रोजगार विभाग ने सुनहरा मौका दिया है। वे साधारण भत्ता स्कीम में आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। जिला रोजगार कार्यालय अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि साधारण भत्ता के लिए प्रार्थी के पास तीन वर्ष पहले बेरोजगार कार्यालय में पंजीकरण कराना जरूरी है। इस स्कीम के तहत जिले के लगभग 600 प्रार्थी लाभ ले रहे हैं।
गौरतलब है कि 12वीं से पोस्ट ग्रेजुएट तक के पास आउट जिन युवाओं को रोजगार नहीं मिलता, उन्हें रोजगार विभाग बेरोजगारी भत्ता देता है। रोजगार कार्यालय में न्यू रजिस्ट्रेशन के बाद जब तीन साल पूरे हो जाते हैं तो आवेदक को फाइल लगानी पड़ती है। फाइल की क्रॉस वेरिफिकेशन के बाद भत्ता मिलना शुरू होता है। रोजगार विभाग युवाओं को 35 साल की उम्र तक बेरोजगारी भत्ता देता है। इसे पाने के लिए युवा की परिवार की वार्षिक आय तीन लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। शर्त में सरकारी नौकरी भी न हो। आवेदन करने के बाद युवाओं को फार्म का प्रिंट लेकर अपना आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, पीएनबी बैंक खाता कॉपी, राशन कार्ड कॉपी, स्वयं घोषणा पत्र, राजस्व प्राधिकरण द्वारा आवासीय या वाणिज्यिक संपति का सत्यापन, दो फोटो के साथ फाइल तैयार करके रोजगार कार्यालय में जमा करवानी होती है।
बता दें कि साधारण भत्ता रजिस्ट्रेशन के तीन साल बाद मिलना शुरू होता है। सक्षम स्कीम व साधारण भत्ता स्कीम में भत्ता बराबर मिलता है लेकिन सक्षम योजना के तहत 100 घंटे का काम भी मिलता है। इसके एवज में छह हजार रुपये मिलते हैं। बता दें कि कि साधारण भत्ता के लिए प्रार्थी साल में एक बार सिर्फ नवंबर माह में 02 नवंबर से 28 नवंबर तक अप्लाई व रिन्यू करा सकते हैं। यदि इस दौरान प्रार्थी यह नहीं करा पाता तो उसे एक साल का इंतजार करना पड़ता है।
ये मिलता है साधारण भत्ता
12वीं पास को 900 रुपये प्रतिमाह, ग्रेजुएट को 1500 रुपये प्रतिमाह, पोस्ट ग्रेजुएट को तीन हजार रुपये प्रतिमाह। इस योजना के तहत काम नहीं मिलता। हर वर्ष इस योजना के तहत प्रार्थी को नवंबर माह में कार्यालय में जाकर रिन्यू करवाना होता है। प्रार्थी को 35 वर्ष की आयु तक इस योजना का लाभ मिलता है।
सक्षम युवा स्कीम के तहत ये मिलता है लाभ
12वीं पास को 900 रुपये प्रतिमाह, ग्रेजुएट को 1500 रुपये प्रतिमाह, पोस्ट ग्रेजुएट को तीन हजार रुपये प्रतिमाह। वहीं 100 घंटे काम मिलने के बाद इस योजना के तहत 12वीं पास को 6900 रुपये प्रतिमाह, ग्रेजुएट को 7500 रुपये प्रतिमाह व पोस्ट ग्रेजुएट को नौ हजार रुपये प्रतिमाह मिलते हैं। इस योजना के तहत प्रार्थी को तीन साल यानी पुराना पंजीकरण के खत्म होने से एक सप्ताह पहले ऑनलाइन पोर्टल पर रिन्यू करवाना होता है। प्रार्थी को 35 वर्ष तक इस योजना का लाभ मिलता है।
---