कैथल। शहर के चंदाना गेट क्षेत्र में एक युवक को पीटकर उसे जान से मारने की धमकी दी। घायल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में चंदाना गेट निवासी साजन ने बताया कि 6 मई की रात करीब 10 बजे वह अपने दोस्तों निशांत उर्फ कालू निवासी अर्जुन नगर और हिमांशु शर्मा निवासी रजनी कॉलोनी के साथ पिन्नी परचून की दुकान के पास खड़ा था।
इस दौरान चंदाना गेट निवासी सन्नी वहां आया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। जब उसने गाली देने का कारण पूछा तो सन्नी ने अपने साथी ज्योति, मनसा और वरुण निवासी रामनगर को मौके पर बुला लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्योति के हाथ में डंडा था जिससे उसने उसके सिर और दाहिने पैर पर वार किया। वहीं अन्य आरोपियों ने लात-घूसों से पिटाई की। साजन ने बताया कि जब उसने बचाव के लिए शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे आरोपियों से छुड़वाया। इसके बाद सभी आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। मारपीट के दौरान उसकी चांदी की चेन भी गायब हो गई। घटना के बाद उसके दोस्त उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कैथल लेकर गए, जहां उसका मेडिकल और एक्स-रे करवाया गया। पुलिस से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। शहर थाना प्रभारी गीता ने बताया कि पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।