कैथल। जिले के गांव मंडवाल में पांच आरोपियों ने एक युवक और उसके परिवार के सदस्यों पर घर की छत से घुसकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें युवक पर तलवारों से वार किए। वारदात में उसकी बाजू टूट गई और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
आरोपियों ने युवक पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उनकी गाड़ियों में नशीला पदार्थ होने की सूचना पुलिस को दी है। इस संबंध में युवक ने राजौंद थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांव मंडवाल के हरमीत उर्फ मीतू ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका भाई संदीप घर के बाहर जा रहा था। गांव के ही शमशेर ने उसके भाई को कहा कि तुमने हमारी गाड़ियों में नशा होने की सूचना पुलिस को दी है। तुम्हारे से इस बात का बदला लूंगा। जैसे ही कहासुनी होने लगी, तो वे अपने भाई संदीप को मौके से ले गए।
छत से घर में घुसे
जब संदीप व उसके परिवार के सदस्य घर पर बैठकर बातचीत कर रहे थे तो शमशेर, उसका बेटा दीपू, हरविन्द्र, जरनैल सिंह व दिलेर छत से उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने उन पर गंडासी और तलवारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके परिवार पर ताबड़तोड़ वार किए। शोर मचाने पर आरोपी उनको जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर दोबारा परिवार का कोई सदस्य मिला, तो टुकड़े कर देंगे। उसका कल्पना चावला अस्पताल करनाल में इलाज चल रहा है।
राजौंद थाना के पीएसआई कमलदीप ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।