कलायत। हरियाणा के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ के संरक्षण और सुंदरीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब तीर्थ सरोवर में सिंचाई विभाग की माइनर से स्वच्छ जल का भराव किया जाएगा।
इस पहल से न केवल तीर्थ की पवित्रता कायमा होगी बल्कि भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को भी स्वच्छ और निर्मल जल में स्नान का सौभाग्य प्राप्त होगा। श्री कपिल मुनि तीर्थ कमेटी ने जनसहयोग से विशेष अभियान चलाकर माइनर से आने वाले जल मार्ग की सफाई करवाई है। साथ ही उन सभी अवैध कनेक्शनों और रास्तों को बंद कराया गया जिनके माध्यम से सीवर का गंदा पानी स्वच्छ जल की लाइन में मिल रहा था।
इसके अतिरिक्त सरोवर से गंदे पानी की निकासी, जंगली वनस्पतियों की सफाई और जल प्रवाह के मार्ग को भी सुगम बनाया गया। इससे स्वच्छ जल का नियमित भराव संभव हो सकेगा। श्री कपिल मुनि तीर्थ में स्वच्छ जल की राह आसान करने में एसडीएम अजय हुड्डा, सिंचाई विभाग के एसई नीरज शर्मा व अन्य कर्मियों की अहम भूमिका रही। तीर्थ कमेटी के प्रधान राजू कौशिक, उपाध्यक्ष आर.एस धानियां, महासचिव हरियाणा नंबरदार एसोसिएशन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष संजय सिंगला, पार्षद रवींद्र निर्मल बंटी, मा. नीरज शर्मा, मुकेश पाराशर, पार्षद प्रवीण कांसल, अजय मित्तल, हुकमा राम प्रजापति, श्रवण धीमान, अर्जुन रायका व अन्य सदस्यों ने बताया कि प्राचीन धरोहर के संरक्षण और सुंदरीकरण का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कपिल मुनि मंदिर पुजारी संजय गौतम व अनिरूद्ध गौैतम ने बताया कि कपिल मुनि तीर्थ भारतीय संस्कृति और सांख्य दर्शन की अमूल्य विरासत का प्रतीक भी है। मान्यता है कि इसी पावन स्थल पर भगवान कपिल मुनि ने अपनी माता देवहूति को सांख्य दर्शन का दिव्य ज्ञान प्रदान किया था। कलायत भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव राजपूत ने कहा कि सरकार हमेशा प्राचीन कपिल मुनि तीर्थ के विकास के लिए गंभीर है।
मैनहाेल की सफाई करवाते तीर्थ कमेटी सदस्य व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मी