संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/करनाल। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर एक युवक ने जान दे दी। जीआरपी ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। युवक कैथल का रहने वाला था।
करनाल जीआरपी जांच अधिकारी सुशील कुमार ने अनुसार सोमवार शाम साढ़े छह बजे उन्हें सूचना मिली थी कि वंदे भारत ट्रेन के सामने एक युवक कूद गया है। जब वह सीएचडी सिटी के गेट नंबर तीन के समीप रेलवे ट्रैक पर पहुंचे तो वहां युवक का शव पड़ा था। उसके समीप एक मोबाइल था। जिस पर उसके पिता का फ़ोन आ रहा था तो उसके पिता को सूचना दी गई। इसके बाद पता चला कि मृतक का नाम गुरप्रीत है और वह कैथल के बलराज नगर का रहने वाला है।
वह एक चिकन की दुकान चलाता है। सोमवार को करीब 12:30 बजे वह बाइक लेकर घर से निकला था। शाम को उसकी मां ने फोन किया था कि वह कहां है बाइक चाहिए थी।
युवक ने कहा था कि वह थोड़ी देर में घर आ रहा है। इसके बाद वह घर नहीं आया और ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। युवक की बाइक भी मौके से बरामद कर ली गई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है।