संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। मोर चढ़ाई तालाब के पास झाड़ियों में मंगलवार को 37 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान वाल्मीकि मोहल्ला निवासी सत्तो के रूप में हुई। संतो के भाई संजय का कहना था कि नशे की ओवरडोज ने उसके भाई की जान ले ली। उसने घटना के लिए नशा बेचने वालों को जिम्मेदार ठहराया।
संजय का आरोप था कि नशा बेचने का काम कलायत में धडल्ले से चल रहा है। नशे की ओवरडोज ने उसके भाई की जान ली। संजय ने कहा कि जो युवा नशे की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं उनकी सूची लंबी है। नशा बेचने वाले हर गली मोहल्ले तक नशीले पदार्थ को पहुंचाने में लगे हैं। शिकायत करने पर परिवार के सामने समस्या खड़ी कर दी जाती है।
पुलिस के मुताबिक, जिस युवक का सुनसान स्थान पर शव मिला वह विवाहित है। पत्नी के साथ-साथ परिवार में दो लड़की और एक लडक़ा है। तालाब के पास युवक का शव मिलने की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यकारी थाना प्रभारी विजय कुमार ने स्थिति से करवाया। घटना की छानबीन के लिए फॉरेंसिंक टीम ने जांच की। पुलिस ने बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए कैथल भेजा।
उधर, कलायत वार्ड दो निर्वतमान पार्षद विक्रम राणा ने कहा कि नशे का प्रसार बड़ा खतरा है। अक्सर झाड़ियों के बीच दिन-रात नशे के लिए युवा डेरा डाले रहते हैं। इस पर अंकुश जरूरी है।
मृतक की पत्नी के बयान लिए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। पुलिस गंभीरता से जांच में लगी है। नशा पर अंकुश लगाने के लिए कानूनन और समय-समय पर विभिन्न जागरूकता पर आधारित कार्यक्रम किए जाते हैं। -विजय कुमार, कार्यकारी थाना प्रभारी