संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव क्योड़क स्थित वाटर पार्क में स्लाइडिंग करते समय एक युवक को दो अन्य युवकों ने तेजगति से टक्कर मार दी। घायल युवक ने वाटर पार्क के मालिक और सिक्योरिटी गार्ड पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हादसे का जिम्मेदार ठहराया है और दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शिकायत के आधार पर पुलिस ने सदर थाना में केस दर्ज किया है।
गांव नैना निवासी पंकज कुमार सदर थाना में शिकायत दी कि वह भारतीय रेलवे में इंजीनियर के पद पर नौकरी करता है। 12 मई को वह अपने रिश्तेदार तरसेम के साथ दोपहर साढ़े 12 बजे वाटर पार्क क्योड़क में नहाने के लिए गया था। जब वह वाटर पार्क में ऊपर से नीचे स्लाइडिंग कर रहा था तो ऊपर एक सिक्योरिटी गार्ड खड़ा हुआ था। उसने उसके पीछे दो और लड़कों को गलत तरीके से स्लाइडर में प्रवेश करवा दिया।
पंकज कुमार ने शिकायत में पुलिस को बताया कि वाटर पार्क में स्लाइडिंग करते समय वह नीचे पहुंच भी नहीं पाया था कि उसी समय दो लड़के बहुत तेज गति से आए और पीछे से उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया।
पंकज का आरोप है कि यह हादसा ऊपर खड़े सिक्योरिटी गार्ड की वजह से हुआ है। इसमें किंगलैंड वाटर पार्क के मालिक की लापरवाही भी साफ नजर आती है, क्योंकि अगर कोई भी व्यक्ति पार्क में नहाने के लिए जाएगा तो उसकी जिम्मेदारी उसके मालिक की बनती है। 14 मई को उसके शरीर में ज्यादा दर्द होने की वजह से उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल होना पड़ा।
शिकायतकर्ता ने ऊपर खड़े सिक्योरिटी गार्ड व वाटर पार्क के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी तेगसिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।