कैथल। लुधियाना के एक एजेंट ने एक युवक को जर्मनी भेजने के नाम पर उससे साढ़े 13 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कलायत निवासी पवन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2023 को उसके गांव के प्रवीन ने बताया कि वह और भगत सिंह कॉलोनी लुधियाना पंजाब निवासी कुलविंद्र सिंह युवाओं को विदेश भेजते हैं। मई 2023 में दोनों उसके घर आए थे। उन्होंने कहा कि उसे जर्मनी भेज देंगे और 15 लाख रुपये खर्च आएगा। साढ़े 13 लाख रुपये में उनकी बात पक्की हो गई थी। दोनों ने उससे कागज व 50 हजार रुपये भी ले लिए। उसे कहा कि दो महीने में ही विदेश भेज देंगे। उसे चंडीगढ़ फिंगरप्रिंट के लिए बुलाया और उससे चार लाख रुपये ले लिए गए। 30 जून को उससे डेढ़ लाख रुपये लिए गए। उसे कहा कि वीजा आ गया है और उसे जयपुर बुला लिया गया। वहां भी सवा लाख रुपये लिए गए। तीन जुलाई को उसे दुबई भेज दिया, दुबई से अल्माटी और वहां से उसे बेलारुस भेज दिया। वहां पर आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और भूखा प्यासा रख मारपीट की। उसे बंधक बनाकर परिवार से सवा छह लाख रुपये और ले लिए गए। बेलारूस में आरोपियों ने उसका पासपोर्ट छीन लिया व वहां से गाड़ी में लातविया भेज दिया गया। वहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया और 45 दिन तक कैंप में रखने के बाद उसे भारत भेज दिया। इस प्रकार आरोपी ने उससे साढ़े 13 लाख रुपये ठग लिए और प्रातड़ित किया। यहां आने के बाद उसने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी जयभगवान ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।