संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आगामी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन और आयुष विभाग की ओर से जिले के सातों खंडों में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में सरकारी एवं निजी स्कूलों के पीटीआई और डीपीई को योग संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कैथल खंड में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जखौली अड्डा के सभागार में आयोजित शिविर में 110 पीटीआई एवं डीपीई ने भाग लिया। यहां संजू आर्या, संदीप सिंह, नरेश कुमार और सीमा कुमारी ने योग प्रशिक्षण दिया। कलायत खंड के राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला में आयोजित शिविर में 48 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि राजौंद खंड के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 27 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
पूंडरी खंड में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में 50 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया। यहां ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के प्रशिक्षक दीपक सेठ और कंचन सेठ के साथ आयुष विभाग के योग सहायकों ने प्रशिक्षण दिया। ढांड और सीवन खंडों में क्रमश: 24 और 60 पीटीआई एवं डीपीई ने योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्राप्त किया। वहीं गुहला खंड में भारतीय योग संस्थान और पतंजलि योग समिति के सहयोग से 30 प्रतिभागियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
आयुष विभाग की अधिकारी डॉ. शकुंतला दहिया ने बताया कि 18 से 20 मई तक आयोजित इन प्रशिक्षण शिविरों के बाद 21 से 23 मई तक प्रशिक्षित पीटीआई, डीपीई और आयुष योग सहायक विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को योग प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने के लिए जिलेभर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। डॉ. दहिया ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का माध्यम है। नियमित योग से मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनता है। विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर डॉ. राजेंद्र कुमार, डॉ. सुनीता, डॉ. सुनील अरोड़ा, डॉ. प्रमोद कुमार और डॉ. मिनी राठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।