गांव बात्ता स्टेडियम में योगाभ्यास करते खिलाड़ी
कलायत। राजीव गांधी खेल स्टेडियम बात्ता में चल रहे पांच दिवसीय योग प्रोटोकॉल अभ्यास अभियान का चौथा दिन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। खेल विभाग कैथल की ओर से आयोजित इस विशेष योग अभ्यास मुहिम में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के माध्यम से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने का संदेश दिया।
एथलेटिक्स कोच राजपाल ने बताया कि स्टेडियम में इस समय कबड्डी, जूडो और एथलेटिक्स की तीन खेल नर्सरियां संचालित हो रही हैं जिनके खिलाड़ियों ने योग अभ्यास में सक्रिय सहभागिता निभाई। कबड्डी कोच रोहताश ने बताया कि योग खिलाड़ियों के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे शरीर में लचीलापन, एकाग्रता और मानसिक संतुलन बढ़ता है जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक होता है। योग अभ्यास कार्यक्रम में लगभग 100 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया और नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया। खेल विभाग कैथल की इस पहल की खिलाड़ियों व अभिभावकों की ओर से सराहना की जा रही है। जूडो कोच प्रदीप रंगा ने कहा कि खेलों के साथ-साथ योग को अपनाने से सर्वांगीण विकास संभव है। वे शारीरिक रूप से अधिक फिट और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं। एथलेटिक्स कोच राजपाल ने भी बच्चों को योग के महत्व और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
गांव बात्ता स्टेडियम में योगाभ्यास करते खिलाड़ी