दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करतीं महिला संकीर्तन मंडली की सदस्य और श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : सड़क पर उतर यातायात व्यवस्था संभालती एनसीसी कैडे्टस। स्त्रोत: पुलिस
राजौंद। शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। भक्तों ने मां भगवती के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर में महिला संकीर्तन मंडली की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। महिलाओं ने मां भगवती की महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति गीत प्रस्तुत किए। श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन नजर आए। नवरात्र के कारण राजौंद के विभिन्न मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय भक्त पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और नवरात्र के दौरान नियमित रूप से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, मां चंद्रघंटा को साहस, शक्ति और शांति का प्रतीक माना जाता है। नवरात्र के तीसरे दिन मां के इस स्वरूप की पूजा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन से आध्यात्मिक शांति प्राप्त कर रहे हैं।