सीवन। शारदीय नवरात्रों के दूसरे दिन सोमवार को मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही श्रद्धालु भक्ति भाव में नजर आए। घरों में पूजा की तैयारियां हुईं और मां भगवती के समक्ष ज्योत प्रज्वलित कर परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।
नवरात्र में क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालु व्रत रखकर मां की उपासना कर रहे हैं। मंदिरों में पहुंचकर भक्तों ने माथा टेका और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कई घरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं। स्वर्गद्वार मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी तपस्या, त्याग और संयम का प्रतीक हैं। उनकी पूजा से जीवन में धैर्य बनाए रखने, कठिनाइयों का सामना करने और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने की प्रेरणा मिलती है। श्रद्धालुओं ने नवरात्र के दौरान भक्ति के साथ अच्छे आचरण और सेवा भाव अपनाने का संकल्प लिया।
मां ब्रह्मचारिणी की फोटो। संवाद