पूंडरी। सप्ताहभर पहले आए तेज तूफान में पूंडरी-ढांड रोड पर सैकड़ों सफेदा के पेड़ धराशायी हो गए थे। पेड़ों के सड़क पर गिरने से वाहनों का आवागमन पूरी रात बाधित रहा था। इसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने बड़े पेड़ों को काटकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर वहां से हटा दिया, लेकिन सड़क की ओर झुके छोटे पेड़ों और उनकी टहनियों को छोड़ दिया गया। अब ये टहनियां वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बनी हुई हैं।
वाहन चालकों रमेश कुमार, लवली, रोहतास, नरेंद्र और रोहित ने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारियों ने केवल उन्हीं पेड़ों को काटकर हटाया, जिनकी लकड़ी मोटी और अधिक कीमत वाली थी। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क की लगभग आधी चौड़ाई तक झुकी टहनियां कर्मचारियों को क्यों नहीं दिखाई दीं। वाहन चालकों ने बताया कि सड़क पर झुकी टहनियों के कारण खासकर रात के समय बाइक सवारों को परेशानी होती है। कई लोग इनसे टकराकर चोटिल भी हो चुके हैं। वाहन चालकों ने जिला उपायुक्त से मांग की है कि सड़क पर झुके पेड़ों और टहनियों को जल्द हटवाया जाए।