संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद की 15 प्रतिशत की विशेष योजना के तहत शनिवार को छुट्टी के दिन भी संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा हुआ। इस दौरान छुट्टी के दिन भी शहर के लोगों के लिए प्रॉपर्टी टैक्स का काउंटर खुला रखा गया। इसमें लोगों ने अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाया। इसके तहत शनिवार को नगर परिषद को दो लाख रुपये की आमदनी हुई।
गौरतलब है कि इस योजना के तहत पिछले 15 दिन में शहर के लोगों ने 55 लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) जमा करवाया है। जबकि अब तक नगर परिषद की ओर से करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का टैक्स लोगों पर बकाया है।
इस राशि में से महज 55 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स ही अब तक जमा हो पाया है। अक्सर नगर परिषद में शहर की लोगों की ओर से हाउस व अन्य प्रॉपर्टी का टैक्स समय पर जमा नहीं करवाया जाता है। इस स्थिति में नगर निकाय विभाग ने प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने पर लोगों को 15 प्रतिशत तक की छूट की योजना लागू की गई है।
टैक्स जमा करवाने के लिए आज भी खुला रहेगा काउंटर
नगर परिषद की ओर से 31 मार्च यानि रविवार को भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए काउंटर खुला रहेगा। इसके तहत शहर के लोग रविवार को भी विशेष योजना के तहत छुट्टी के दिन भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवा पाएंगे। गौरतलब है कि सरकार की ओर से पहले 31 दिसंबर 2023 तक प्रॉपर्टी टैक्स पर 15 प्रतिशत की छूट की योजना लागू की थी, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 31 मार्च 2024 कर दिया गया। अब रविवार को प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने का अंतिम दिन रहेगा।
नगर परिषद की 15 प्रतिशत की विशेष योजना के तहत शनिवार को छुट्टी के दिन भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए विशेष काउंटर बनाया गया था। इसके तहत दो लाख रुपये का टैक्स जमा हुआ है। जबकि अब तक 15 दिन में करीब 55 लाख रुपये का टैक्स जमा हो चुका है। अब रविवार को भी प्रॉपर्टी टैक्स जमा होगा। - कुलदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, कैथल।