संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सूर्यकुंड माता गेट स्थित कश्यप धर्मशाला में प्रस्तावित हॉल निर्माण में छह माह बीत जाने के बाद भी कार्य आरंभ न होने से कश्यप राजपूत समाज में रोष व्याप्त है। समाज के पदाधिकारी व सदस्य मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर परिषद द्वारा धर्मशाला परिसर में हॉल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया छह माह पूर्व पूरी की जा चुकी है, और यह कार्य भगवती को-ऑपरेटिव सोसायटी सुदकैन खुर्द को स्वीकृत किया गया था। इसके बावजूद संबंधित फर्म ने अब तक कार्य शुरू नहीं किया, जिससे समाज में नाराजगी है।
समाज के सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि या तो फर्म को तुरंत कार्य आरंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं या टेंडर रद्द कर अन्य विकल्पों पर विचार करें।
उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य समाज की वर्षों पुरानी मांग है, जिससे धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। कार्य में हो रही देरी को समाज ने जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया और कहा कि यह मुद्दा केवल निर्माण का नहीं, बल्कि पूरे समाज की आस्था, सम्मान और सहभागिता से जुड़ा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रधान गुरदेव कश्यप, सचिव रमेश कश्यप, एडवोकेट सुरेश कश्यप, संदीप कश्यप, जिला पार्षद मैनेजर कश्यप, सरपंच सतबीर कश्यप, रामफल कश्यप, नरेश कश्यप, कृष्ण कश्यप आदि मौजूद रहे।