संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय सभागार में शुक्रवार को चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समाधान शिविर की समीक्षा बैठक में उपायुक्त प्रीति ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निपटान तत्परता और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि आम लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए जरूरी है कि समस्याओं का समाधान नियमानुसार
शीघ्र किया जाए और संबंधित एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर अपलोड की जाए।
बैठक में डीसी ने बीते सोमवार और वीरवार को प्राप्त शिकायतों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से उनके निवारण की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिस सप्ताह शिकायत प्राप्त हो, उसी सप्ताह उस पर सुनवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतकर्ता को सूचना पत्र भेजकर व्यक्तिगत रूप से बुलाया जाए और समयबद्ध समाधान कर राहत प्रदान की जाए।
लंबित न रखें शिकायतें, अदालत से जुड़े मामलों की जानकारी दें ः डीसी प्रीति ने कहा कि समाधान शिविर केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी हैं। इसे बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी शिकायत से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है, तो संबंधित एटीआर में अदालत का नाम और अगली सुनवाई की तिथि का स्पष्ट उल्लेख किया जाए।
प्रत्येक सोमवार व वीरवार को लगते हैं समाधान शिविर
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशन में राज्यभर में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है।