कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग ने एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। महाविद्यालय के विद्यार्थियों की टीम ने सेंट जेवियर्स कॉलेज, जयपुर में आयोजित पंचम राष्ट्रीय संगोष्ठी में सर्वश्रेष्ठ शोध परियोजना का पुरस्कार जीतकर 5,000 रुपये की नकद राशि प्राप्त की और संस्थान का नाम रोशन किया। परियोजना के लिए प्रारंभिक वित्तीय सहायता भी दी गई थी।
पुरस्कार विजेता शोध का विषय विकसित भारत के संदर्भ में आयुष्मान भारत योजना की जागरूकता, उपयोगिता एवं प्रभाव का मूल्यांकन था। यह शोध जनवरी में शुरू होकर करीब तीन महीनों में पूरा हुआ। विद्यार्थियों ने जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर योजना की जमीनी स्थिति का अध्ययन किया। टीम में राजीव, मुस्कान, हिमांशी, यश मित्तल, देवांश सिरोही और पूजा शामिल रहे। परियोजना का निर्देशन विभागाध्यक्ष डॉ. सूरज वालिया ने किया। संगोष्ठी विजन फॉर विकसित भारत विषय पर 17 अप्रैल को आयोजित हुई थी। विद्यार्थियों ने बताया कि प्रोजेक्ट के दौरान उन्हें फील्ड वर्क, डेटा विश्लेषण, टीमवर्क और समय प्रबंधन का व्यावहारिक अनुभव मिला। प्रश्नावली निर्माण व डेटा विश्लेषण में डॉ. नरेश कुमार का विशेष योगदान रहा। प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल और प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने इस उपलब्धि को संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक बताते हुए टीम को बधाई दी।