गुहला-चीका। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का बुधवार को समापन हुआ। अंतिम दिन गुहला ब्लॉक के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान महिलाओं को मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और बच्चों की प्रारंभिक देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी गुरजीत कौर ने कहा कि मां और बच्चे का स्वस्थ रहना स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार और बच्चों की नियमित वृद्धि एवं विकास की निगरानी संबंधी जानकारी दी गई। अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में बेहतर सहयोग देने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समापन पर माताओं और बच्चों को फल व मिठाई वितरित की गई। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरपर्सन रेखा, भाजपा नेत्री शैली मुंजाल, निधि मोहन, सुपरवाइजर सविता, दीप्ति और नवजीत कौर मौजूद रहीं।