कलायत। कलायत से गांव रामगढ़ को जाने वाले संपर्क मार्ग पर कार तथा मोटरसाइकिल की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई तथा दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को कलायत के निजी अस्पताल में उपचार के बाद कैथल अस्पताल भेज दिया गया।
रामगढ़ निवासी जसबीर रविवार सांय करीब साढ़े छह बजे अपनी वर्षीय बहन किताबो और ताऊ की बेटी शीला के साथ रामगढ़ से कलायत की तरफ आ रहा था। किताबो की शादी बलबेहड़ा व शीला की शादी गांव जाखौली में हुई थी। दोनों चचेरी बहने रिश्तेदारी में हुई मौत पर शोक प्रकट करने के बाद अपने मायके में मिलने आई थीं। परिजनों से मिल कर सांय को वे दोनों अपनी ससुराल जा रही थी तथा उनका भाई जसबीर दोनों बहनों को कलायत के बस अड्डे पर छोड़ने के लिए आ रहा था।
इस दौरान रामगढ़ मोड़ के पास पीछे से आ रही कार के चालक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर सवार तीनों लोग बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में शीला की मौके पर ही मौत हो गई। कार सवार तीनों को कलायत के निजी अस्पताल में लेकर आए, जहां शीला को मृतक घोषित कर दिया गया। किताबों की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई हैं जिसे जसबीर सहित उपचार के लिए कैथल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में अपनी कार्यवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी रामजुआरी ने बताया कि मृतका के पोस्टमार्टम के लिए कैथल भिजवाया गया है तथा मामला दर्ज किया जा रहा है।