अग्रसेन धर्मशाला में डांडिया उत्सव में थिरकती महिलाएं। विज्ञप्ति
कैथल। 17 अक्तूबर को भाई उदय सिंह किला, कमेटी चौक पर आयोजित होने वाले महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव से एक दिन पहले शुक्रवार को जींद रोड स्थित अग्रसेन धर्मशाला में अग्रवाल समाज की मातृशक्ति की ओर से मेहंदी और डांडिया उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक गीत-संगीत की धुनों पर डांडिया खेलकर उत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया।
पूरा परिसर उत्साह, उमंग और सामाजिक एकता के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल युवा सभा के प्रधान अशोक गोयल ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर नगर परिषद कैथल की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। अग्रवाल युवा सभा की महिला विंग की प्रधान अंजू बंसल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। उत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों पर सुंदर मेहंदी रचाई। वहीं डांडिया की पारंपरिक धुनों पर समूह में नृत्य करते हुए सभी ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। डांडिया के दौरान महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। संगीत की लय के साथ ताल मिलाती महिलाओं ने महाराजा अग्रसेन जयंती के स्वागत में अपनी खुशी का इजहार किया।
चेयरपर्सन गर्ग ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव से पहले समाज की महिलाओं को एक मंच पर एकत्रित करना और सामाजिक मेलजोल, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना रहा। ऐसे आयोजन समाज की नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ महिलाओं को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। अग्रवाल युवा सभा महिला विंग की प्रधान अंजू बंसल ने कहा कि अग्रवाल समाज में महाराजा अग्रसेन जयंती को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अग्रवाल युवा सभा की ओर से जयंती महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
अग्रसेन धर्मशाला में डांडिया उत्सव में थिरकती महिलाएं। विज्ञप्ति