सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला पर हमला करते कुछ लोग।
कलायत। गांव शिमला में खेत में बने मकान में घुसकर एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति, देवर और कुछ अन्य लोगों पर लाठी-डंडों और कस्सी के बिंडे से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घायल महिला का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर न्याय, परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गांव शिमला निवासी रेखा ने बताया कि उनकी शादी करीब 21 वर्ष पहले गांव भानपुरा निवासी रामचंद्र के साथ हुई थी। उनके चार बेटियां और एक बेटा है। रेखा का आरोप है कि 30 जून की सुबह उसका पति रामचंद्र, देवर बलिंदर और कुछ अन्य लोग जबरन खेत में बने मकान में घुस आए और उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए जिससे उसकी जान बच सकी।
पीड़िता का कहना है कि पिछले करीब नौ वर्षों से उसका देवर और उसके परिवार के सदस्य उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। उसे खेत में जाने पर जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। डर के कारण वह अपने बच्चों के साथ मायके में रहने को मजबूर है। रेखा ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पति रामचंद्र और देवर बलिंदर ने महिला के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता झूठे आरोप लगाकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने भी पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला पर हमला करते कुछ लोग।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला पर हमला करते कुछ लोग।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला पर हमला करते कुछ लोग।