कैथल। चंदाना गांव में एक महिला को उसके ही घर में बंद करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को उसके नाबालिग बेटे ने बीते दो दिनों से कमरे में बंद कर रखा था। गुरुवार सुबह महिला ने दरवाजे से हाथ निकालकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला के पति की करीब एक साल पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद पति की बीमा राशि को लेकर महिला और उसके बेटे के बीच विवाद रहता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसकी मां मानसिक रूप से परेशान है और अक्सर आत्महत्या की धमकी देकर घर से चली जाती है। इसी कारण उसने मां की सुरक्षा के लिए घर के बाहर से ताला लगाया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद