खेत में मजदूरी करने के लिए जा रही महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर साय गांव खरक पांडवा की कुछ महिलाएं अपने घर से हिसार चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पार कर खेत में मजदूरी करने के लिए जा रही थी कि रास्ते में तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने 2 महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क हादसे में खरक पांडवा निवासी करीब 40 वर्षीय महिला सोनिया की मौके पर मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला कोमल गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक युवती के पति सूरजमल ने बताया कि रात्रि करीब 7 बजे सोनिया कुछ महिलाओं के साथ धान के लिए नेशनल हाइवे को पार खेत में जा रही थी। रास्ते में उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे सोनिया कि मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी जयवीर ने बताया कि दुर्घटना में मृतक महिला का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वाहन की तलाश की जा रही है। जल्दी अज्ञात वाहन चालकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
क्रॉसिंग न होने से होती है दुर्घटना
खरक पांडवा निवासी गंगा दयाल, टेकचंद, हरपाल आदि ग्रामीणों ने बताया कि खरक पांडवा गांव बिल्कुल हिसार चंडीगढ़ नेशनल हाइवे के पास बसा है। नेशनल हाइवे पर क्रॉसिंग व पुल के न होने के कारण कई बार सड़क हादसों के हो चुके हैं और कई लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है। हाईवे पर क्रॉसिंग को लेकर स्थानीय प्रशासन को भी इस बारे अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मृतक गरीब परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ हाइवे पर क्रॉसिंग का उचित प्रबंध किए जाने की मांग की है।