खनौरी रोड पर एक 42 वर्षीय महिला को अज्ञात कार चालक ने टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौत हो गई। उसके बेटे की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस किया है। गांव पाड़ला निवासी साहिल ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि 28 अगस्त को वह और उसकी माता बाला देवी घर से सैर करने के लिए खनौरी कैथल रोड पर गांव सांघन की तरफ पैदल जा रहे थे। जब वे गुहणा मोड़ से थोड़ा आगे गांव सांघन की तरफ पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी माता को टक्कर मार दी और उसे घसीटता हुआ काफी दूर तक ले गया। बाद में आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। वे इलाज के लिए उसे अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत होने की पुष्टि की। एचसी जयपाल को मामले की जांच सौंपी गई है।