कैथल। विवाहिता ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट कर गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में चीका क्षेत्र के एक गांव की 23 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि उसका विवाह 15 नवंबर 2025 को अंबाला जिले के निवासी शिवम के साथ हुआ था।
विवाह के कुछ समय बाद से ही पति शिवम और सास विजयलक्ष्मी उससे दहेज में स्विफ्ट कार और सोने का हार लाने की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर दोनों उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। विवाहिता ने आरोप लगाया कि मई 2026 में गर्भवती होने के बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। इसके विपरीत पति और सास उस पर गर्भ गिराने का दबाव बनाने लगे। शिकायत के अनुसार 27 जून को सास ने उसके साथ मारपीट की और उसके पेट में लात मार दी जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। अगले दिन उसे मायके छोड़ दिया गया। विवाहिता ने बताया कि 1 जुलाई को उसकी तबीयत अधिक खराब होने पर पहले स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया जिसके बाद उसे कैथल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकीय उपचार के बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले के जांच अधिकारी एसआई विजय ने बताया कि विवाहिता की शिकायत के आधार पर पति शिवम और सास विजयलक्ष्मी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।