कैथल। जिले में बुधवार तक पांच लाख 12 हजार 651 एमटी गेहूं की आवक हो चुकी है। इसमें से कुल 43 प्रतिशत गेहूं का ही उठान हुआ है। मंडियों में से दो लाख 21 हजार 25 एमटी गेहूं का उठान हो चुका है। आधे से ज्यादा गेहूं का उठान होना अभी बाकी है। इस कारण किसानों व आढ़तियों की सांसें फूली हुई हैं। बुधवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहे। खेतों में जिन किसानों की फसल की कटाई नहीं हुई है, उन किसानों की चिंताएं तो बढ़ ही गई हैं। साथ में मंडियों में पड़ा गेहूं भी भीगने के आसार बने हुए हैं।
डीएफएससी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कुल पांच लाख 12 हजार 651 एमटी गेहंू की खरीद की जा चुकी है। इसमें से 43 प्रतिशत गेहूं का ही उठान हुआ है। डीएफएससी निशांत राठी ने बताया कि उठान कार्य में तेजी के लिए निर्देश दिए हैं। खरीद कार्य के साथ-साथ उठान पर भी ध्यान दिया जा रहा है। कुछ गेहूं सीधा रेल व सडक़ मार्ग से दूसरे गोदामों में भेजा जा रहा है। वहीं गोदामों में भी भंडारण किया जा रहा है।