कैथल। शातिर ठगों ने मोबाइल पर आया ओटीपी पूछकर एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से हजारों रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव भानपुरा निवासी सुरजीत ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कैथल में सोस बनाने की फैक्टरी है। छह मार्च को दोपहर में किसी अनजान व्यक्ति का फोन उसके पास आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह बैंक से बोल रहा है। आरोपी ने उससे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाने की बात कही। स्वीकृति देने के कुछ देर बाद उसके पास मोबाइल पर ओटीपी आया। जिसे उसने आरोपी को बता दिया ओटीपी बताते ही उसके खाते से 95514 रुपये कट गए। जांच अधिकारी जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।