संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ठंड का प्रकोप बढ़ते ही जिले के नागरिक अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। खांसी और सर्दी-जुकाम से पीड़ित मरीजों की ओपीडी में सबसे अधिक आमद देखी जा रही है। इसके साथ ही बच्चा वार्ड में भी मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। स्थिति यह है कि नागरिक अस्पताल की ओपीडी बढ़कर करीब 1800 तक पहुंच गई है।
जिले के नागरिक अस्पताल के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और निजी अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। शनिवार को नागरिक अस्पताल मरीजों से खचाखच भरा नजर आया। डॉक्टरों के अनुसार इस वर्ष शीतकालीन बारिश न होने के कारण सूखी ठंड लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल रही है। बीते तीन-चार दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि सूखी ठंड बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से खतरनाक साबित हो सकती है। इस मौसम में कमजोर और वृद्ध लोगों में ब्लड प्रेशर असंतुलित होने और हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि ठंड बढ़ने के साथ बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
बढ़ती ठंड को देखते हुए विशेष रूप से बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी है। छोटे और स्कूल जाने वाले बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर ही स्कूल भेजें तथा नवजात शिशुओं का विशेष ख्याल रखें। सर्द मौसम में बच्चों में कोल्ड डायरिया, टायफाइड, सर्दी और खांसी जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि बीते तीन-चार दिनों में मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। डॉ. विनय गुप्ता, जिला नागरिक अस्पताल