कैथल। प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में नए शैक्षणिक सत्र के दाखिलों के लिए ट्रेड चुनने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ऑनलाइन आवेदनों में तेजी आई है। इसी क्रम में 6209 ऑनलाइन आवेदनों के साथ राजकीय आईटीआई कैथल ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है।
पहले स्थान पर राजकीय आईटीआई हिसार रहा है। युवाओं का रुझान तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की ओर लगातार बढ़ रहा है। विभाग ने ऑनलाइन आवेदन और ट्रेड चुनने की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अंतिम दिनों में आवेदन संख्या में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। अभ्यर्थी अपनी पसंद के ट्रेड का चयन कर उसे पोर्टल पर लॉक भी कर सकते हैं। प्रदेशभर में आईटीआई दाखिलों के लिए इस बार पहले की तुलना में युवा ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
ये ट्रेड बने युवाओं की पसंद
राजकीय आईटीआई कैथल में इस बार इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, डीजल मैकेनिक और कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट ट्रेड विद्यार्थियों की पहली पसंद बने हुए हैं। इन ट्रेडों में सीटों की मांग अधिक होने के कारण इनके जल्दी भरने की संभावना जताई जा रही है।
आवेदन के मामले में सरकारी आईटीआई टॉप पर
दाखिलों के लिए चल रहे आवेदन में हिसार पहले और कैथल दूसरे स्थान पर है। उसके बाद क्रमश: जींद, यमुनानगर, भिवानी, अंबाला शहर, करनाल, सिरसा, नरवाना और बरवाला की सरकारी आईटीआई आवेदन के मामले में टॉप 10 में बने हुए हैं। हालांकि अभी भी आवेदन में कई दिन शेष हैं।
कैथल आईटीआई का दबदबा हर क्षेत्र में कायम है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आवेदन में भी फिर से आईटीआई कैथल नंबर एक पर होगी। उनकी अभ्यर्थियों से अपील है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें। समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा करें, अपनी ट्रेड चुनकर उसे लॉक अवश्य करें, ताकि अंतिम समय में किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
- सतीश मच्छाल, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई, कैथल।
राजकीय आईटीआई, कैथल।