कैथल। खनौरी रोड पर सोमवार सुबह के समय एक ओवरलोड ट्रक सड़क के ऊपर से गुजर रहे तार से टकरा गया। इससे तार टूटकर एक घर में गिर गया जबकि सड़क के एक ओर ट्रांसफार्मर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय तुरंत ही बिजली बंद हो गई हालांकि तार की चपेट में आने से महिला घायल हो गई।
घटना के बाद मौके पर ही बिजली निगम के एसडीओ संदीप टांक मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बिजली न जाती तो महिला की जान पर भी बन सकती थी। घटना सुबह करीब नौ बजे की घटी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रक कैथल से खनौरी की तरफ जा रहा था। जैसे ही सिरटा रोड के चौक पर पहुंचा तो यहां से गुजर रहे तार से ट्रक टकरा गया। तार टूटने से 45 वर्षीय महिला सतो देवी घायल हो गईं। उसे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।
एसडीओ संदीप टांक ने बताया कि इस घटना के बाद वे मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान यहां पर पहले से ही बिजली बंद थी। इसके बाद अन्य कॉलोनियों की बिजली को भी बंद करवाया। इसके बाद तार को ठीक करवाया। एक ही महिला को चोट लगी है।