संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। थाना तितरम क्षेत्र के सेगा में एक व्यक्ति ने गला घोटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मायके वालों को महिला के आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने हत्या का आरोप लगाया तो पुलिस ने पति को दबोच लिया।
पटियाला के पातड़ा गांव निवासी बच्चन सिंह ने तितरम थाने की पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसने अपनी बेटी राजेंद्र कौर की शादी गांव सेगा के रमेश के साथ रीति रिवाज अनुसार की थी। शादी के समय उसने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर दान दहेज भी दिया था लेकिन इसके बावजूद उसके ससुराल वाले उसे खुश नहीं थे तथा उसके साथ हर रोज मारपीट करते थे।
बच्चन सिंह का आरोप है कि 31 मई को उन्हें फोन से सूचना मिली कि राजेंद्र कौर उर्फ रजनी ने आत्महत्या कर ली है।
बच्चन सिंह के मुताबिक, जैसे ही वे लोग मौके पर पहुंचे पर राजेंद्र कौर उर्फ रजनी का शव पड़ा मिला। उन्होंने देखा कि उसके गले पर कुछ निशान थे। वे अपनी बेटी को कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके पति रमेश ने उसकी हत्या की है।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तितरम थाने के एएसआई रोहतास ने आरोपी रमेश को काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक, जब उससे पूछताछ की गई तो आरोपी ने स्वीकार कर लिया कि उसने ही उसकी पत्नी राजेंद्र कौर उर्फ रजनी की गला दबाकर हत्या की है।
डीजे पर गाना बजाने के मुद्दे पर हुई थी कहासुनी
आरोप है कि डीजे बजाने के मुद्दे पर कहासुनी के कारण आरोपी रमेश ने पत्नी राजेंद्र कौर की हत्या की है। बच्चन सिंह के मुताबिक, बीती 15 मई को उसके लड़के की शादी में उसकी लड़की राजेंद्र कौर उर्फ रजनी व दामाद सेगा निवासी रमेश भी आए हुए थे। शादी में डीजे पर गाना बजाने के मुद्दे पर राजेंद्र कौर व दामाद रमेश में कहासुनी हो गई थी। इस कारण उसी रात उसका दामाद रमेश ने कहा था कि शादी में जो बेइज्जती हुई हैं, उसका नतीजा तेरे परिवार को भुगतना पड़ेगा। अब यह घटना हो गई।