संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। असंध कैथल मुख्य मार्ग पर टूटी हुई सड़क के कारण आए दिन जाम लगना आम बात होती जा रही है, लेकिन इस सड़क की कोई भी सुध लेने वाला नहीं है। इसका खामियाजा दुकानदारों व आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
आलम यह है कि सड़क पर ट्रैफिक कब जाम हो जाए, इसका कोई टाइम नहीं है। सड़क पर बने गड्ढों में जब भी कोई वाहन फंस जाए तो वाहनों लंबी लाइनें लग जाती हैं। बुधवार को भी अचानक महाराणा प्रताप चौक पर देखने ही देखते वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
भारी संख्या में वाहनों की लाइनों के कारण आम लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। आए दिन मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने का खामियाजा दुकानदारों व आम नागरिकों को झेलना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की सुध ली जाए वरना फिर वह सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
पार्क नहीं तो मार्ग पर कर रहे सैर
राजौंद। नगर में कोई भी पार्क न होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है, क्योंकि सुबह की सैर करने वाले लोगों को मुख्य मार्ग पर ही जाना पड़ता है। इससे हादसे होने का भय बना रहता है। लोगों ने नगर में पार्क बनाने की कई बार डिमांड रखी है, लेकिन इस और प्रशासन व सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया। जबकि आज के समय में सुबह-शाम सैर व योग इत्यादि के लिए पार्क का होना बहुत जरूरी है।
नागरिक श्याम सिंह, कुलदीप, रामकुमार, हवा, पवन, सतीश, निर्मल, रामलाल, किशन कुमार ने बताया कि कहने को तो यहां नगरपालिका बनाई गई है लेकिन पार्क बनाने के लिए आज तक भी सरकार व प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाए। इससे लोगों को सड़कों पर सुबह सैर करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। लोगों ने बताया कि कई बार तो मंडी में जाकर सैर की जाती थी। प्रशासन से मांग की है कि यहां पार्क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सैर करने में किसी तरह की परेशानी ना रहे। संवाद