जिले में अब जिस भी व्यक्ति के घर या किसी प्रतिष्ठान में डेंगू का लारवा मिला, उसे दो हजार रुपये का जुर्माना किया जाएगा। यह निर्देश डीसी प्रदीप दहिया ने मंगलवार को आयोजित डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया बीमारियों की रोकथाम को लेकर आयोजित बैठक में जारी किए। डीसी ने स्पष्ट आदेश जारी किए हैं कि सरकारी कार्यालयों में भी निगरानी टीम को भेजें और लारवा मिलने पर तुरंत नोटिस दें। लघु सचिवालय स्थित के कान्फ्रेंस हाल में आयोजित बैठक में डीसी ने कहा कि सभी निजी व सरकारी कार्यालयों में कूलर, टंकियां, टायरों व ऐसे स्थान जहां पानी एकत्रित हो वहां लारवा की जांच जरूर करें। आमजन का आह्वान करते हुए डीसी ने कहा कि वे स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। एक जगह पर पानी को एकत्रित न होने दें। बैठक में सीएमओ जयंत आहुजा, रोडवेज महाप्रबंधक अजय गर्ग, डीडीपीओ जसविंद्र सिंह, नोडल अधिकारी डॉ. संदीप जैन, कार्यकारी अभियंता कर्णवीर सिंह, डीईओ अनिल शर्मा, पशुपालन उपनिदेशक डॉ. मंगल सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।