कैथल। पंचायत चुनाव के तहत रविवार को हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति के चुनाव की मतदान प्रकिया के दौरान विदेशों में रहने वाले लोगों में भी काफी उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान विदेशों में रह रहे एनआरआई लोग विशेष रूप से मतदान करने के लिए अपने गांवों में पहुंचे। ये मतदाता कुछ दिन पहले ही अपने-अपने गांवों में पहुंच गए थे। इसके बाद रविवार को वे मतदान करने के लिए अपने-अपने मतदान बूथ केंद्र पर पहुंचे।
गौरतलब है कि जिले में गुहला के अधिकतर गांवों के लोग विदेश में रह रहे हैं, लेकिन सगे संबधियों और रिश्तेदारों के आग्रह पर वे समंदर पार से अपने गांव में पहुंचे। जिले के गांव जगदीशपुरा, प्रेमपुरा और सुल्तानियां सहित आधा दर्जन से अधिक ऐसे गांव है। जहां पर अधिकतर लोग विदेशों में रह रहे हैं।
गांव जगदीशपुरा निवासी कुलदीप सिंह ने कहा कि वह पिछले करीब 10 साल से अमेरिका में रह रहे हैं। वह अपने काम के सिलसिले में बेशक विदेश में रह रहे हैं, लेकिन अभी भी उनकी रूह उनके गांव की मिट्टी में बसती है। यही कारण है कि वे हर बार पंचायत चुनाव के दौरान मतदान करने के लिए जरूर पहुंचते हैं। इसलिए वे सभी मतदाताओं से आग्रह करते हैं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में वे अपने मतदान रूपी आहुति जरूर डालें। ऐसा करने से हम अपने गांव के विकास के द्वार खोलने के लिए अच्छे उम्मीदवार का चयन करें।
गांव जगदीशपुरा निवासी कश्मीर सिंह ने बताया कि वह करीब सात साल से कनाडा में रह रहे हैं। पिछली बार अपने किसी जरूरी काम के कारण पंचायत चुनाव में मतदान करने के लिए नहीं पहुंच सके थे लेकिन इस बार मतदान के लिए पहुंचे हैं। पंचायत चुनाव के अलावा वह विधायक और सांसद के चुनावों में भी अपना मत डालने के लिए गांव जरूर लौटते हैं। ग्रामीणों को चाहिए कि वे गांव के उद्घार के लिए अच्छे उम्मीदवार का चयन करें।