संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गुरु तेग बहादुर सिंह के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ऐतिहासिक यात्रा का धनौरी गांव में शुक्रवार को भव्य एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर संगत ने बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयकारे लगाकर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
यात्रा का स्वागत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़, पूर्व विधायक लीला राम के सुपुत्र मोहित, गांव के सरपंच कपिल और अन्य प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम अजय सिंह ने भी यात्रा का स्वागत किया।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पालकी साहिब के समक्ष शीश नवाया और पुष्प अर्पित कर गुरु जी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस दौरान गुरु साहिब की शिक्षाओं पर आधारित कीर्तन और गुरबाणी का पाठ किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय बन गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर सिंह का बलिदान केवल धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि मानव मूल्यों, धार्मिक स्वतंत्रता और न्याय की रक्षा के लिए था। इस अवसर पर जिला महामंत्री सुरेश संधू, मुनीष शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य संगत मौजूद रही।