सीवन। नगर में रविवार सुबह से ही बारिश ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सुबह-सुबह आसमान में काले बादल छा गए और दिन में भी अंधेरे का अहसास होने लगा। दोपहर तक तेज बारिश ने नगरवासियों को अपने घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। लगातार हुई बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
तेज बारिश के कारण नगर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। रविवार का अवकाश होने और बारिश की मार से बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही भी नदारद रही। सड़कों पर सन्नाटा छा गया। बरसात के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया। जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई गलियों में तो पूरी तरह जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें पेश आईं। बरसात का असर नगर पालिका कार्यालय और खंड कार्यालय तक भी पहुंचा। दोनों कार्यालयों के प्रांगण में पानी जमा हो गया। कैथल-पटियाला मुख्य मार्ग पर बरसात के कारण भारी जलभराव हो गया, जिससे नगर पालिका कार्यालय में जाने का मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। थाना के सामने वाली गली, डीएवी स्कूल वाली गली, सोसाइटी बैंक के पीछे स्थित गली तथा नगर के निचले क्षेत्रों की अन्य गलियां पूरी तरह पानी में डूब गईं।
बारिश का पानी घरों के बाहर तक भर जाने से लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था करने और सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत की मांग की है।
नगर निवासी राज कुमार वधवा, अशोक, भीषु चौधरी, अनु, विक्की, साहिल, बलजीत, राजेंद्र, गुरमेल, विजय, नरेश व अन्य लोगों ने कहा कि जब नगर पालिका कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही इतना पानी जमा है कि अंदर जाना मुश्किल हो रहा है तो बाकी नगर की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और भी बिगड़ सकते हैं।
06 सीवन में गली में भरा बरसात का पानी