कलायत। प्राचीन कपिल मुनि सरोवर में दूषित पानी के कारण बनी अव्यवस्था के चलते प्रशासन हरकत में आया है। अब जल के सैंपल लेने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सरोवर से गंदे पानी की निकासी, स्वच्छ जल भराव और सौंदर्यकरण के लिए कलायत एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बुधवार को ऐतिहासिक स्थल का दौरा किया। इस मौके पर जन स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासनिक अधिकारी के निर्देश पर सरोवर के पानी के सैंपल भरने का निर्णय लिया है। इस क्रम में कपिल मुनि माइनर, मंदिर परिसर और अन्य किसी भी संसाधन से सरोवर में आने वाले पानी प्रयोगशाला में जांच होगी।
एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि सरोवर पर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम गठित की है। इसमें नगर पालिका, जन स्वास्थ्य व सिंचाई विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही प्राचीन कपिल मुनि मंदिर पुरोहित कृष्ण गौतम और तीर्थ कमेटी के सदस्यों को टीम में शामिल किया है।
गौरतलब है कि मई के अंतिम सप्ताह मंे मछलियां मरने से पूरा वातावरण व सरोवर का जल दुर्गंध युक्त हो गया था। इससे आसपास के रिहायशी क्षेत्र के लोगों के अलावा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। तब इसके पानी को साफ करने का मुद्दा उठाया गया था।