भयंकर गर्मी के मौसम में पिछले करीब एक माह से पीने पानी की किल्लत की मार झेल रहे शिमला गांव के ग्रामीणों ने जन स्वास्थ्य विभाग के प्रति रोष प्रकट कर मटका फोड़ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। ग्रामीण पंडित देस राज, शीलू राम, बलजिंद्र सिंह, शंकुतला, रोशनी, मोहित, राहुल, बलजिंद्र सिंह आदि ने बताया कि भयंकर गर्मी के मौसम में गांव में पानी की समस्या ने उनका जीना दूभर कर दिया है। उनका कहना है कि गांव में कहीं आस पास पानी लाने के लिए नलकूप भी नहीं है जिसके कारण समस्या और बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है की जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण ही पेयजल समस्या बढ़ी है। इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है।
सरपंच प्रतिनिधि सियाराम ने बताया कि गांव में पानी सप्लाई के लिए वाटर बॉक्स व दो बूस्टरों पर जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा 6 मोटर लगाई गई है। लंबे समय से कोई ना कोई मोटर खराब होती रहती है। नई मोटर रखने के लिए विभाग के अधिकारियों को कई बार मौखिक व ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्ताव डालकर अवगत करवाया जा चुका है। जन स्वास्थ्य विभाग जेई अजय ढुल ने बताया कि 2 मोटर खराब हो जाने के कारण पानी सप्लाई नहीं हो पाई थी। दोनों मोटरों को ठीक करवा दिया गया है तथा जल्द ही सप्लाई सुचारू करवा दी जाएगी