संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद की ओर से शहर में विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है। कई कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जबकि कुछ की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में वार्ड नंबर दो की गली नंबर छह का निर्माण लगभग 27.86 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। यह गली खनौरी रोड स्थित रामा फाउंड्री से विश्वकर्मा धर्मशाला तक बनाई जाएगी।
नगर परिषद ने इस निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही टेंडर पास कर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। यह गली लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती थी। स्थानीय निवासियों की यह पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। नगर परिषद के एमई वरुण शर्मा ने बताया कि गली निर्माण पर लगभग 27.86 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।
पार्षदों की सक्रियता से बढ़े विकास कार्य ः नगर परिषद के पार्षद लगातार शहर के विकास संबंधी मुद्दे बैठकों में उठाते रहे हैं। पार्षदों का कहना है कि पहले कई वार्डों में टेंडर लगने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हो पा रहे थे। अब परिषद ने सभी वार्डों में विकास कार्यों की गति तेज कर दी है, जिससे शहर में सुधार दिखाई देने लगा है। इससे पार्षदों और स्थानीय निवासियों दोनों को राहत मिलेगी तथा लंबे समय से लंबित कार्य पूरे हो सकेंगे।