कलायत में हैफेड गोदाम की गिरी दीवार। संवाद
कलायत। कलायत में बुधवार रात हैफेड गोदाम की दीवार गिर गई। घटनास्थल पर करीब पांच लाख धान के कट्टे स्टॉक के रूप में मौजूद हैं। दीवार गिरने के बाद अनाज चोरी होने और मौसम से नुकसान होने की आशंका है। हैफेड की गोदाम मैनेजर पिंकी ने बताया कि गोदाम की दीवार के बाहर लोडिंग का काम चल रहा था। इस दौरान ट्रक की टक्कर लगने के कारण दीवार गिर गई। सुरक्षा के इंतजामों पर उन्होंने कहा कि जहां दीवार गिरी है, वहां तारों की फेंसिंग करवा कर तिरपाल से ढक दिया गया है। इस संदर्भ में विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया है और आदेश प्राप्ति के साथ ही दीवार को बना दिया जाएगा।
उन्होंने बताया की गोदाम के भीतर लगभग 5 लाख कट्टे लगे हुए हैं। सुरक्षा के लिहाज से पहले रात के समय दो चौकीदारों की ड्यूटी थी लेकिन दीवार टूटने की इस घटना के बाद सुरक्षा बढ़ाते हुए अब चार चौकीदार तैनात कर दिए गए हैं ताकि स्टॉक पूरी तरह सुरक्षित रहे। उन्होंने बताया कि इस गोदाम की जर्जर हालत के लिए उच्च अधिकारियों को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। जिला प्रबंधक को पत्र लिखकर पहले ही सूचित कर दिया गया था कि यह बिल्डिंग जर्जर स्थिति में है। फिलहाल, टूटी हुई दीवार को अगले 2-3 दिनों के भीतर दोबारा से बनवाए जाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
कलायत में हैफेड गोदाम की गिरी दीवार। संवाद