संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अंब अंदौरा से अंबाला तक चलने वाली ट्रेन संख्या 64563-64 मेमू ट्रेन के हिसार तक विस्तार की योजना बनने के बाद अब इसके संचालन का इंतजार है। इस ट्रेन के संचालन के लिए रेलवे बोर्ड की ओर से प्रस्ताव भी पास किया गया था। ऐसे में अब इस ट्रेन की तिथि की केवल घोषणा होना बाकी है।
अब मई माह में कभी भी ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है। इस ट्रेन के शुरू होने के बाद कुरुक्षेत्र व कैथल के यात्रियों ही नहीं, बल्कि फतेहाबाद के यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी।
सांसद की ओर से पत्राचार के बाद शुरू हुई प्रक्रिया ः कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने मार्च महीने में ही रेल मंत्रालय से इस ट्रेन के संचालन की मांग की थी। इसके बाद अप्रैल माह की शुरूआत में ट्रेन के संचालन के लिए अंबाला के डीआरएम ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा था।
गौरतलब है कि इस ट्रेन को अंब अंदौरा से हिसार के रायपुर हरियाणा जंक्शन तक चलाने की योजना बनाई गई है। इस ट्रेन के संचालन के बाद कैथल और कुरुक्षेत्र ट्रेन के माध्यम से हिसार से जुड़
जाएगा। अब रेलवे बोर्ड की अनुमति मिलने के बाद यह ट्रेन चंडीगढ़ से हिसार के लिए चलेगी।
इस ट्रेन का सबसे ज्यादा फायदा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवाओं को होगा, क्योंकि यह ट्रेन सुबह 04 बजकर 10 मिनट पर नरवाना आएगी। इसके बाद यह ट्रेन 10 मिनट बाद रवाना होगी और 5ः55 बजे कुरुक्षेत्र पहुंच जाएगी।