विधानसभा चुनाव में जिले भर में 73.72 प्रशित मतदान हुआ। जो पिछले विधानसभा चुनाव में 83.45 से 10 प्रतिशत कम है। साथ ही लोकसभा चुनाव 2019 में 73.23 प्रतिशत मतदान के मुकाबले विधानसभा चुनाव में करीब-करीब बराबर मतदान हुआ। चुनाव के लिए इस बार कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। जिसमें भारी संख्या में पुलिस, सीआरपीएफ सहित महिला पुलिस बल तैनात रहा। वहीं डीसी डा. प्रियंका सोनी की अगुवाई में पुलिस-प्रशासन के करीब 3000 कर्मचारी इस अभियान में जुटे रहे। देर सांय तक आईटीआई बूथ को छोडक़र सभी जगह शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ।
जिले भर में 797 बूथों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। जहां 7 लाख 62 हजार से 867 मतदाताओं में से 73.72 प्रतिशत ने वोट डाली। इसमें कैथल विधानसभा में 77.79 प्रतिशत, गुहला में 73.23 प्रतिशत, कलायत में 75.20 प्रतिशत और पूंडरी में 68 प्रतिशत मतदान हुआ।
पिछले विधानसभा चुनाव से 10 प्रतिशत कम हुआ मतदान:-वर्ष 2014 में जिले भर में 83.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसमें गुहला में 80.97 प्रतिशत, कलायत में 82.51 प्रतिशत, पूंडरी 82.82 व कैथल विधानसभा सीट पर 84.71 प्रतिशत मतदान हुआ था। सबसे ज्यादा कैथल तो सबसे कम गुहला विधानसभा सीट पर मतदान हुआ था। 6 लाख 94 हजार 252 मतदाताओं में से 5 लाख 74 हजार 520 मतदाताओं ने मतदान किया था।
लोकसभा चुनाव में भी हुआ था 73 प्रतिशत मतदान:-लोकसभा चुनाव 2019 में 73.23 प्रतिशत हुआ था। इसमें कैथल में 75.24, गुहला में 74 प्रतिशत, कलायत में 73 प्रतिशत व पूंडरी में 70.70 प्रतिशत मतदान हुआ था। चारों सीटों पर 7 लाख 57 हजार 240 कुल मतदाता थे। इनमें 5 लाख 54 हजार 890 ने अपने मत का प्रयोग किया था।
डीसी डा. प्रियंका सोनी ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 के तहत जिला में मतदान केंद्रों के बाहर छिट-पुट घटनाओं को छोडक़र शांतिपूर्ण मतदान हुआ। जिला में लगभग 73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। शांतिपूर्वक तरीके से चुनाव संपन्न होने पर सभी जिलावासियों को बधाई।
अधिकारी दिन भर लेते रहे जायजा:-पर्यवेक्षक आयुक्त विनीत गर्ग, सामान्य पर्यवेक्षक राजेश शर्मा व बिपिन मांझी, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका सोनी व पुलिस अधीक्षक विरेंद्र विज ने दिन भर बूथों का दौरा किया। लघु सचिवालय में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम तथा मीडिया सेंटर से भी ली पल-पल की जानकारी अपडेट की गई।
देर रात तक मतगणना केंद्रों पर जमा करवाई गई ईवीएम:-पोलिंग पार्टियों ने कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम, वीवीपैट मशीनों के अतिरिक्त संपूर्ण चुनाव सामग्री आरकेएसडी कॉलेज, आईजी कॉलेज तथा डीएवी कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा करवाई, जहां अब 24 अक्तूबर को मतगणना होगी। इस दौरान ईवीएम व वीवीपैट मशीनें पुलिस तथा केंद्रीय बलों की गहन निगरानी में रहेगी। स्ट्रांग रूम के आसपास सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
voting persent- फोटो : Kaithal
voting persent- फोटो : Kaithal