कैथल। जिला परिषद के 21 व पंचायत समिति के 508 सदस्यों के लिए रविवार को जिले में शांतिपूर्वक तरीके से मतदान संपन्न हो गया। रात करीब 12 बजे सरकारी पोर्टल के अनुसार जिले में 68.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। सबसे ज्यादा कैथल ब्लॉक में 71.7 प्रतिशत और सबसे कम 64.4 प्रतिशत सीवन ब्लॉक में रहा। जिले के कुल छह लाख 20 हजार 451 में से चार लाख 23 हजार 132 लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया।
रविवार की सुबह सात बजे ही जिले में मतदान शुरू हो गया। मतदान टोलियां रात को ही मतदान केंद्रों पर पहुंच गई थीं। सुबह सात बजे तक मॉक पोल के बाद मतदान शुरू किया। सुबह सात से दस बजे तक मतदान की गति तेज रही। इसके बाद दोपहर तक मतदान थोड़ा धीमा रहा। बाद दोपहर फिर से मतदान ने गति पकड़ी। मतदान प्रारंभ होते ही बूथों पर लंबी-लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
मतदान के दौरान महिलाओं, युवाओं तथा बुजुर्ग मतदाताओं में मतदान के प्रति अलग ही जोश नजर आ रहा था। कहीं बुजुर्ग, कहीं दिव्यांग तो कहीं युवा पहली बार वोट डालते हुए उत्साहित दिखे। लोगों ने वोट डालकर सोशल साइट्स पर उसे अपलोड किया।
गांव फरल में लगभग 100 वर्षीय माधो राणा, गांव रोहेडिय़ां में 90 साल की बीबी देवी, गांव चंदाना में 98 वर्षीय नेकी राम शर्मा जैसे कई बुजुर्ग ऐसे रहे, जिन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उधर, जिला परिषद के 21 वार्डों में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजपाल तंवर, जजपा नेता रोशन ढांडा, इनेलो के जिला अध्यक्ष राजा राम माजरा, हरियाणवी गायक कर्मबीर फौजी, भाजपा नेता हरिचंद जांगड़ा सहित कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। 27 नवंबर को पता चलेगा कि इन नेताओं में किसके सिर ताज सजता है।
ये चुने गए सर्वसम्मति से
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में जिले में 15 वार्डों में सर्वसम्मति से ब्लॉक समिति सदस्य चुने जा च ुके हैं। इन सदस्यों में गुहला खंड के वार्ड 12 से मामू राम तथा वार्ड 20 से मंदीप कौर, कैथल खंड के वार्ड 25 से सुशीला कुमारी, कलायत खंड के वार्ड तीन से शिवानी, वार्ड पांच से सोहन लाल, वार्ड छह से पताशो देवी, वार्ड 16 से सलिंद्र व वार्ड 22 से राजेश, पूंडरी खंड के वार्ड 12 से पूनम देवी, राजौंद खंड के वार्ड 13 से मोनिका, सीवन खंड के वार्ड 6 से रॉकी, वार्ड 9 से सौरव ठाकुर, वार्ड 12 से करमजीत कौर तथा ढांड खंड के वार्ड 12 से सुजाता तथा वार्ड 16 से कमलेश शामिल हैं।
इस तरह से है जिले में उम्मीदवारों की स्थिति
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए 21 वार्डों में 130 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा, जिनमें से 69 पुरुष तथा 61 महिलाएं शामिल रहीं।
पंचायत समिति में शेष 508 उम्मीदवारों में 307 पुरुष तथा 201 महिलाएं शामिल रहीं। ढांड के 17 वार्डों में चुनाव हुआ, जिसमें 62 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। गुहला के 21 वार्डों में 60 उम्मीदवारों, कैथल के 29 वार्डों में 125, कलायत के 17 वार्डों में 54, पूंडरी के 25 वार्डों में 107, राजौंद के 16 वार्डों में 61 तथा सीवन के 13 वार्डों में 39 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़कर अपना भाग्य आजमाया।