संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) लागू होने से पहले मतदाता सूची के मिलान का कार्य तेज गति से जारी है। अब तक 78.57 प्रतिशत मतदाताओं का सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जबकि 21.43 प्रतिशत कार्य अभी शेष है।
आंकड़ों के मुताबिक, जिले के कुल 8,28,211 मतदाताओं में से 6,50,744 का मिलान हो चुका है, जबकि 1,77,467 मतदाताओं का सत्यापन अभी बाकी है। प्रशासन ने इस प्रक्रिया को माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मिलान की प्रगति अलग-अलग दर्ज की गई है। कलायत विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक प्रगति रही, जहां 2,14,749 मतदाताओं में से 1,86,683 का सत्यापन कर 86.93 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं कैथल विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 66.83 प्रतिशत मिलान हुआ है, जहां 2,25,586 में से 1,50,763 मतदाताओं का सत्यापन किया गया है।
शेष बचे मतदाताओं के सत्यापन के लिए अब बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर जानकारी जुटा रहे हैं। जिले में इस कार्य के लिए 807 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों के अनुसार कई मतदाता बाहर रह रहे हैं या अपना पता बदल चुके हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में मोबाइल नंबर उपलब्ध न होने के कारण संपर्क में कठिनाई आ रही है।
मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है, जिसमें वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट के आधार पर वर्तमान सूची का मिलान किया जा रहा है। घर-घर सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और पुराने डाटा से मिलान कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सूची में केवल पात्र और वास्तविक मतदाताओं के नाम ही शामिल हों।
विधानसभावार स्थिति
विधानसभा
मतदाता
मिलान
प्रतिशत
कलायत
2,14,749
1,86,683
86.93%
गुहला
1,93,842
1,56,349
80.66%
पूंडरी
1,94,034
1,56,949
80.89%
कैथल
2,25,586
1,50,763
66.83%
नए वोट जुड़ेंगे, फर्जी नाम हटेंगे
इस प्रक्रिया के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। जिनका नाम पहले शामिल नहीं हो पाया, उन्हें भी अवसर मिलेगा। वहीं मृत व्यक्तियों, डुप्लीकेट और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। जो लोग स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं, उनके नाम भी सूची से हटाए जाएंगे।
गलत दस्तावेजों के आधार पर बने वोट भी निरस्त किए जाएंगे। सत्यापन के लिए वर्ष 2002 की मतदाता सूची और पहचान पत्र को आधार बनाया जा रहा है। महिलाओं के मामलों में उनके पारिवारिक रिकॉर्ड से भी पुष्टि की जा रही है।
वर्जन-
चुनाव कानूनगो राजकुमार ने बताया कि मतदाता सूची के मिलान का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर शीघ्र सत्यापन करवाएं। इसके अलावा जिला सचिवालय स्थित निर्वाचन कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।