संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक अब कम होने लगी है, लेकिन खरीद प्रक्रिया में तेजी के बावजूद उठान की धीमी रफ्तार ने किसानों और आढ़तियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। अब तक केवल 2.96 लाख एमटी गेहूं का ही उठान हो पाया है। उठान की धीमी गति से करोड़ों रुपये का भुगतान अटका हुआ है।
सरकारी आंकड़ों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है, जिससे मंडियों में गेहूं के कट्टों के ऊंचे-ऊंचे ढेर लग गए हैं। मंडियों में अब तक कुल 6.84 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की गई है, जिसमें से 6.28 लाख एमटी की खरीद हो चुकी है।
इसके बावजूद उठान की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। अब तक केवल 2.96 लाख एमटी गेहूं का ही उठान हो पाया है। वहीं, करीब 55 हजार क्विंटल गेहूं अभी भी बिना बिके मंडियों में खुले आसमान के नीचे पड़ा हुआ है।
48 घंटे में भुगतान के दावे हवा : सरकार ने दावा किया था कि फसल खरीद के 48 घंटों के भीतर भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में कर दिया जाएगा, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। नियमों के अनुसार भुगतान की प्रक्रिया तब शुरू होती है, जब खरीदी गई फसल का उठान कर उसे गोदामों तक पहुंचा दिया जाता है।
जाम और अव्यवस्था से जूझ रही मंडियां
उठान न होने के कारण मंडियों में हालात बदहाल हो गए हैं। जगह-जगह गेहूं के ढेर लगे हैं और आवागमन तक प्रभावित हो रहा है। आढ़तियों का कहना है कि परिवहन साधनों की कमी और ट्रकों की अनुपलब्धता के चलते गेहूं का उठान समय पर नहीं हो पा रहा है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने मंडियों का दौरा कर आरोप लगाया कि कुप्रबंधन के चलते अन्नदाता खुद को असहाय महसूस कर रहा है और सरकार के दावे धरातल पर विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उठान में देरी के कारण किसानों का भुगतान अटक गया है। मंडियों की इस अव्यवस्था से न केवल किसान, बल्कि मजदूर और आढ़ती भी प्रभावित हो रहे हैं।