कलायत। प्रदेश मेंं परिजनों की सहमति के बिना लिव इन रिलेशन मेंं रहने के साथ पड़ोसी गांव में वैवाहिक रिश्ते जाेड़ने पर प्रतिबंध लगाने का मुद्दा ढांडा खाप ने उठाया है। इस दिशा में मजबूत कानून बनाने की मांग खाप सम्मेलन में रविवार को गांव धनौरी मेंं उठाई गई। सम्मेलन की अध्यक्षता खाप प्रधान देवव्रत ढांडा ने की। इस दौरान सात महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। खाप सम्मेलन के लिए प्रदेश में ढांडा, मोहिल, मल्हान, महलान, महला, महलावत व मावलिया से जुड़े प्रतिनिधियोंं को न्योता भेजा गया था।
प्रधान देवव्रत ढांडा ने बताया कि खाप सम्मेलन में सर्व सम्मति से सात निर्णय लिए गए हैं। इनमें लिव इन रिलेशन, पड़ोस के गांव में रिश्तों पर प्रतिबंध, पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति द्वारा एक-एक पेड़ लगाने, जमीन की उपजाऊ शक्ति बढ़ाने के लिए पराली न जलाने, जल संरक्षण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्ति और कलायत के गांव गांव किठाना मेंं ढांडा खाप चबूतरे का निर्माण शामिल है। चबूतरे के लिए जमीन का प्रबंध कर लिया गया है। चबूतरे के माध्यम से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे वहीं आधुनिक पुस्तकालय विकसित किया जाएगा। इस मौके पर राज्य मंत्री महीपाल ढांडा, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, आप नेता अनुराग ढांडा, विधायक अमरजीत ढांडा, पूर्व विधायक प्रेम लता, जयवीर सिंह आईएएस, पूर्व सांसद सुरेंद्र बरवाला, राजा राम, बलबीर सिंह, प्रेम सिंह, बलबीर सिंह, बीरा राम, किरपाल सिंह, जोगिया ढुलेदार, तुषार ढांडा आदि मौजूद थे।