ढांड। युवा विकास केंद्र चंदलाना की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थानों पर फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। ग्रामीणों एवं युवा विकास केंद्र के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
युवा विकास केंद्र के संयोजक राजकुमार गौड़ ने बताया कि संस्था की ओर से वन विभाग के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाना तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। ये न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि गर्मी से राहत देने के साथ-साथ पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं को भी आश्रय प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ऐसे पौधों को प्राथमिकता दी गई, जो भविष्य में फल देने के साथ-साथ पर्याप्त छाया भी प्रदान कर सकें। राजकुमार गौड़ ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें।