संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भागल गांव में हुए चोरी के एक मामले में एवीटी टीम छह आरोपियों को पकड़कर उनसे चोरी का सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी बरामद किया। पुलिस की इस उपलब्धि पर रविवार को ग्रामीणों ने एवीटी टीम को सम्मानित कर आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि लोगों की पुलिस के प्रति धारणा बदलनी चाहिए और समाज को पुलिस का सहयोग करना चाहिए।
ग्रामीणों के मुताबिक एक मई 2025 को चोर गांव भागल निवासी लाल सिंह के घर से चोर सात तोले सोना और 200 ग्राम चांदी चुराकर ले गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने एसपी से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एसपी ने इस केस की जांच का जिम्मा एवीटी टीम इंचार्ज को सौंप दिया था। टीम ने जांच के बाद 14 मई को लाखन माजरा इंद्रगढ़ निवासी सुनील और पिहोवा निवासी बलविंद्र को गिरफ्तार किया। टीम ने अब तक छह आरोपियों को पकड़ लिया है और चोरी किए गए सभी आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। इसलिए ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एवीटी स्टाफ में पहुंचा। वहां डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश के नेतृत्व में पूरी टीम को सम्मानित किया गया। इस मौके पर गांव से पूर्व ब्लॉक समिति चेयरमैन रामेश्वर दास, मकान मालिक लाल सिंह, रामदिया नंबरदार, किसान नेता पाला राम, दरबारा पूनिया, रामकुमार मास्टर, सत्यवान, पूर्व सरपंच नर सिंह और धनपत पूनिया मौजूद रहे। इस उपलब्धि पर एसपी ने भी टीम को बधाई दी और ग्रामीणों द्वारा पुलिस का हौसला बढ़ाने पर खुशी जताई। एसपी ने कहा कि जनता और पुलिस का तालमेल मजबूत होगा तो अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और समाज सुरक्षित बनेगा।