संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित गांव बात्ता मेंं नेशनल हाईवे से लेकर पूंडरी ड्रेन तक हाल ही मेंं निर्मित करीब ढाई किलोमीटर के मार्ग के जगह-जगह से धंसने-टूटने पर बवाल खड़ा हो गया है। इससे खफा ग्रामीणों ने शुक्रवार को मार्ग पर प्रदर्शन किया। इसमें बड़े-बुजुर्ग और युवा शामिल रहे।
रामकुमार बात्ता, प्रदीप राणा, किरण पाल, मोनू, जसपाल, मेघ राज, शेखर, प्रेम, संता, धीर सिंह और दूसरे लोगों ने कहा कि सरकार ने कृषि एवं ग्रामीण ढांचे को मजबूती देनेे के लिए बड़े बजट से मार्ग का निर्माण करवाया था। निर्माण के कुछ समय के बाद ही मार्ग की स्थिति दयनीय होती जा रही है। नाराज ग्रामीणों ने मार्ग के टूटने के कारणोंं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मार्केटिंग बोर्ड भी हरकत में आया। एसडीओ ओमप्रकाश ने कहा कि नवनिर्मित मार्ग पर ओवरलोड मिट्टी डपंरों की रेलपेल से यह हालत हुई है। एनएचएआई को विभाग के माध्यम से स्थिति से अवगत करवाया गया है। संबंधित मार्ग का निर्माण पारदर्शिता से 31 मार्च 2024 को पूरा हो चुका है। इस पर अनुमानित एक करोड़ 30 लाख रुपये का बजट खर्च हुआ था।